सागर । विधायक शैलेंद्र जैन मंगलवार सुबह नगर निगम का घेराव करेंगे। शहर के बीएलसी हितग्राहियों की समस्याओं और परेशानियों व निगम प्रशासन के मनमानी व उदासीन रवैये को लेकर विधायक के साथ ही परेशान हितग्राही व भाजपा कार्यकर्ता सुबह 10.30 बजे तीन मढ़िया के पास एकत्रित होंगे एवं यहां से जुलूस की शक्ल में निगम का घेराव करने के लिए पैदल पहुंचेंगे। इधर घेराव को लेकर निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन प्रदर्शन और घेराव के दौरान निगम अधिकारियों की सुरक्षा व परिसर में हंगामे की संभावना के चलते कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने की तैयारियों में जुटा हुआ है।
केंद्र सरकार की पीएम आवास योजना के दूसरे घटक बीएलसी को लेकर नगर निगम प्रशासन हमेशा से निशाने पर रहा है। शाखा में पिछले चार साल से लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं और पहली सूची में शामिल हितग्राहियों को आज तक किस्त की राशि नहीं मिली। इतना ही नहीं जिनको पहली-दूसरी किस्त मिली, उनकी आगे की किस्तें रोककर रखी गई हैं। सूचियों से नाम गायब हो गए, नई सूचियों पर जांच बैठाई गई, लेकिन हितग्राहियों को अभी तक परेशान ही होना पड़ रहा है।
निगमकर्मियों की मनमानी से जनता परेशान
विधायक शैलेंद्र जैन का कहना है कि जनता परेशान है, उनकी समस्याओं को लेकर निगम प्रशासन, आयुक्त, कलेक्टर, संभाग कमिश्नर व शासन तक को पत्र लिखे हैं। व्यक्तिगत मुलाकात कर अधिकारियों को एक-एक गड़बड़ी व हितग्राहियों की परेशानियों को बताया, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस है। अधिकारी और कर्मचारी मनमानी पर आमादा हैं। बीएलसी शाखा में कंप्यूटर ऑपरेटर से लेकर अधिकारी तक लोगों को परेशान और बेइज्जत करते हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस कारण निगम का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।