सिद्धचक्र महामंडल विधान से निकली घटयात्रा, आज होगा शांतिधारा अभिषेक-पूजन

सागर । श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के उपलक्ष्य में रविवार को कटरा बाजार स्थित जैन मंदिर से गाजे-बाजे से घटयात्रा निकाली गई। इस दौरान रामपुरा वार्ड स्थित वासुपूज्य जिनालय दिगंबर जैन मंदिर में ध्वजारोहण हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनि विमल सागर, अनंत सागर, धर्म सागर, अचल सागर, भाव सागर महाराज के सानिध्य व सुभांशु जैन सहपुरा एवं आकाश जैन इंदौर के निर्देशन में विधान शुरू होगा। कार्यक्रम के पूर्व विश्वविद्यालय परिसर में मुनियों की आगवानी हुई और केंद्रीय जेल में हथकरघा का अवलोकन किया, जिसकी उन्होंने सराहना की। इसके बाद मुनियों ने गोपालगंज में पाषाण मंदिर का अवलोकन किया। फिर बस स्टैंड, परकोटा, तीन बत्ती होते हुए कटरा बाजार से रामपुरा वार्ड में आगवानी हुई। शहर में जगह-जगह उनका पाद प्रक्षालन किया गया और भक्तों ने आरती उतारी।


 

जीवन का कोई भरोसा नहीं


इस अवसर पर धर्म सभा को सम्बोधित करते हुए मुनि विमल सागर ने दान की महिमा बताई और कहानी के माध्यम से बताया कि जीवन का कोई भरोसा नहीं रहता है। 2 मार्च को प्रात? 6 बजे भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, मुनिश्री के प्रवचन, सिद्धचक्र विधान एवं रात्रि में 8 बजे महाआरती एवं 10 मार्च तक प्रतिदिन प्रवचन होंगे। जानकारी के अनुसार मुनिसंघ का सानिध्य 4 मार्च को दोपहर तक मिलने की संभावना है। इसके बाद नरयावली, जरूवाखेड़ा होते हुए खुरई पहुंचने की संभावना है। खुरई में मुनि प्रमाण सागर महाराज से 15 वर्ष बाद मुनि संघ की ऐतिहासिक महामिलन की संभावना है।