ईपीएफ की राशि जमा न होने से नपा के खाते होल्ड

नौगांव। नगर पालिका में ठेकेदारों द्वारा पिछले कई वर्षों से ईपीएफ की राशि जमा नहीं करने पर शासन ने नपा के खातों से भुगतान पर रोक लगा दी है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका में पंजीकृत ठेकेदारों से निर्माण कार्य कराए जाते हैं। ठेके की कुछ राशि श्रमिकों के खातों में भविष्य निधि के रूप में जमा कराने का प्रावधान है। जिससे विषम परिस्थितियों में मजदूरों के परिवारों की मदद दी जा सके। ठेकेदारों ने कई सालों से भविष्य निधि की राशि जमा नहीं की है, जिससे शासन ने नगर पालिका के सरकारी खाते होल्ड कर दिए हैं। सीएमओ बसंत चतुर्वेदी ने बताया कि कुछ ठेकेदारों का रिकॉर्ड सही है। कुछ अन्य ठेकेदारों द्वारा 2016 और उसके से भविष्य निधि की राशि जमा नहीं की है। इसकी जानकारी लेकर कई ठेकेदारों से राशि जमा कराई गई है। नगर पालिका के खुद के खातों की राशि से कलेक्टर दर पर काम करने वाले कर्मचारियों को राशि दी गई है। जल्द ही खातों से होल्ड हटवाकर अन्य भुगतान भी कराने का प्रयास किया जाएगा।