छतरपुर। शहर में बुधवार को मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह आसमान पर हल्के बादलों का डेरा रहा और दिन चढ़ने पर धूप खिल गई, जिससे गर्मी का एहसास हुआ है। अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया। शाम होते ही उत्तरी हवा के प्रभाव से मौसम कुछ सर्द होने लगा। दोपहर में तेज धूप के बावजूद तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई। बुधवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के सूत्रों ने अनुसार एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होने का अनुमान है। मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ही मौसम बार-बार बदल रहा है। 25 मार्च से आसमान साफ होने का अनुमान है। उसके बाद धूप और हवा की दिशा के अनुसार तापमान में वृद्धि हो सकती है। पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तो रात में पारा 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 24 या 25 मार्च से पारे में उछाल दर्ज किया जा सकता है। 28 मार्च को एक बार फिर मौसम परिवर्तन के संकेत भी मिलते दिख रहे हैं।
दिन में धूप से गर्मी, शाम को शीतलता का एहसास