बुंदेली के बरेदी नृत्य के साथ थिरकी नागालैंड की संस्कृति

सागर । डॉ. हरीसिंह गौर विवि में छय दिवसीय दौरे पर आए नागालैंड के छात्र-छात्राओं के साथ विवि के विद्यार्थियों ने रथ, घोड़े, ढोल-ताशे और नृत्य-संगीत के साथ सांस्कृतिक रैली निकाली। यह रैली विवि परिसर में ही सभी विभागों से होकर निकाली गई। पूर्वोत्तर और मध्य भारत की सांस्कृतिक मिश्रण का अनुपम दृश्य रचते हुए इस मार्च का हर विभाग के सामने स्वागत हुआ। रैली में सभी विभागों के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रथ पर सवार गौर साहब की प्रतिमा, ढमरियाई, राई, बरेदी नृत्य व नाचते गाते छात्र-छात्राएं नजर आए। इस दौरान क्षेत्रीय पोशाक के साथ नागालैंड का दल, साफा बांधे शिक्षक व विद्यार्थी आकर्षण का केंद्र रहे।


विवि के विद्यार्थियों ने नागालैंड के विद्यार्थियों को अपने-अपने विभाग की उपलब्धियां व विशेषताएं बताईं। इस स्वागत सत्कार की नागालैंड के शिक्षकों-विद्यार्थियों ने जमकर तारीफ की। ढोल नगाड़े के साथ बुंदेलखंड के बरेदी नृत्य पर विद्यार्थी झूमते नजर आए। वहीं नागालैंड के विद्यार्थी भी अपनी संस्कृति का नृत्य करते हुए दिखे। यह कार्यक्रम एक भारत-श्रेष्ठ भारत के तहत चल रहा है। भारत को जानने समझने के क्रम में नागालैंड के विद्यार्थियों का दल यहां की संस्कृति से परिचित होने के साथ ही अपनी संस्कृति से यहां के विद्यार्थियों को रूबरू करा रहे हैं।


 

विवि में बना सकारात्मकता का माहौल


आयोजन के समन्वयक विवि फाइन आटर्स के राकेश सोनी ने बताया कि सोमवार को फाइन एंड परफॉर्मिंग आटर्स में सुबह 9 बजे से वर्कशॉप, लोक संगीत व लोक नृत्यों का आयोजन हुआ। हमारे विवि के विद्यार्थियों द्वारा भी नागालैंड की संस्कृति को अपनाते हुए लोक नृत्य को करने का अच्छा प्रयास किया। दोपहर में सांस्कृतिक रैली का आयोजन हुआ। अतिथियों द्वारा विवि के हर विभाग का भ्रमण करते हुए विभागीय संस्कृति को समझा। वही शाम के समय नागालैंड के विद्यार्थियों ने बुंदेलखंड के मार्शल आर्ट को जाना। वह बताते है कि नागालैंड व बुंदेलखंड के विद्यार्थी प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, भ्रमण व संवाद के माध्यम से एक सकारात्मक माहौल में छात्र एक-दूसरे की कला व संस्कृति से परिचित हो रहे हैं। रैली में विद्यार्थियों के साथ विवि के कुलपति प्रो. आरपी तिवारी कार्यक्रम के संयोजक प्रो. एडी शर्मा, विद्यार्थियों के जत्थे के साथ आए शिक्षक व विवि के शिक्षकों ने हिस्सा लिया।


 

आज खजुराहो भ्रमण पर जाएंगे नागालैंड के विद्यार्थी


विवि के साथ नागालैंड की टीम मंगलवार को खजुराहों पहुंचेंगी। जहां बुंदेलखंड की संस्कृति व पुरातत्व संपदा के साथ रहने व बोलचाल के तरीके को जानेंगे। इसके पहले सुबह 9 बजे गौर प्रांगण में बुंदेलखंड के परम्परागत खेलों का प्रदर्शन होगा। देर शाम वापसी के बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा।