आठ दिन पहले गुम हुए अधेड़ की कुएं में लाश मिली, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सागर । बांदरी थाना की रजवांस पुलिस चौकी के रजवांस निवासी मंगल आठिया का शव कुआं में तैरता मिला। मंगल करीब एक सप्ताह से लापता था, जिसकी गुमशुदी की रिपोर्ट पुलिस चौकी रजवांस में दर्ज थी। मौके पर रजवांस चौकी व बांदरी थाना पुलिस सहित एफएसएल की टीम पहुंचीं। सूक्ष्म जांच के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पंचनामा कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। वहीं मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है।


जानकारी के मुताबिक 23 फरवरी को 50 वर्षीय मंगल आठया रजवांस से लापता हो गया था। परिजनों ने आसपास एवं रिश्तेदारी में तलाश की। नहीं मिलने पर चौकी रजवांस में गुमशुदी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक सप्ताह बाद रविवार को सुबह करीब दस बजे मंगल का शव रजवांस से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित खेत के कुएं में तैरता मिला। कुएं के पास ही मृतक का खेत है। जहां पर मृतक की साइकिल एवं जाकेट मिली थी। मृतक के पुत्र विजय ने बताया कि लगातार चार-पांच बार खेत के आसपास व कुआं में झांककर देखा था, लेकिन कुछ नहीं दिखा। आज सुबह करीब दस बजे पिता का शव उतराता दिखा। विजय ने बताया कि उनके पिता तैरना नहीं जानते थे। शव करीब सप्ताह भर पुराना दिख रहा है। शव क्षत-विक्षित हो गया है। सिर पूरी तरह गल चुका है।


परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप


मृतक मंगल आठया के पुत्र विजय ने पुलिस को पिता की हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि रुपयों के लेन-देन व जमीनी विवाद को लेकर मेरे पिताजी को गांव के ही कुछ लोग जान से मारने की धमकी देते थे। उन्होंने बताया कि इसको लेकर पिछले वर्ष भी उनके पिता से मारपीट हुई थी। यह मामला न्यायालय में लंबित है।


23 फरवरी से मृतक मंगल लापता था। 24 फरवरी को चौकी रजवांस में गुमशुदी दर्ज कर तलाश की जा रही थी। आज सुबह सूचना मिली थी कि कुआं में किसी का शव दिख रहा है। इसकी शिनाख्त मंगल आठया के रूप में हुई है। मामला आत्महत्या का है या दुर्घटना है। अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता। पीएम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो पाएगा। गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश थी। इस बिन्दू पर भी जांच की जाएगी।


मानस दुबे, थाना प्रभारी, बांदरी